जिलाधिकारी ने दुर्घटना स्थल पर पहुंचकर थानाध्यक्ष भिटौली से दुर्घटना के विषय में जानकारी ली। थानाध्यक्ष ने बताया कि गाड़ी संख्या UP 56BT 2412 एवं UP 78 HN 3840 महाराजगंज से गोरखपुर जा रही थी, अगया पुल पर बस UP 78 HN 3840 द्वारा ओवर टेक करने के कारण गोरखपुर से महाराजगंज आ रही गाड़ी
संख्या UP 53 FT 6360 से सीधी टक्कर होने से दुर्घटना हुई। एसडीएम सदर ने बताया कि बसों को सड़क से हटाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने घटना के कारणों की विस्तृत जांच और पुल के पास गति सीमा संकेतक और गति अवरोधक लगवाने हेतु एसडीएम सदर को निर्देशित किया।
इसके उपरांत जिलाधिकारी द्वारा जिला अस्पताल का निरीक्षण कर समस्त घायलों को समुचित उपचार हेतु अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी ने घायलों से बात कर उनका हालचाल जाना और उनको सांत्वना दी।
बस दुर्घटना में कुल 26 लोग घायल हुए। इनमें 04 लोगों को आई गंभीर चोट को देखते हुए भर्ती कर लिया गया। शेष घायलों को सामान्य चोटें आई थीं, जिनका उपचार जिला अस्पताल में किया गया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
महाराजगंज से सिद्दार्थ पाण्डेय की रिपोर्ट