सहारनपुर। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रदेश अध्यक्ष हाजी गुफरान अली के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी सहारनपुर को एक ज्ञापन सौंपकर कथित जातिसूचक एवं आपत्तिजनक टिप्पणियों के मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पार्टी के जिलाध्यक्ष सोहनवीर कश्यप ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी (सपा) के कुछ शीर्ष नेताओं द्वारा पिछड़ा, अति पिछड़ा और दलित समाज के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणियां की जा रही हैं। उनका कहना है कि इस प्रकार के बयानों से समाज के विभिन्न वर्गों की भावनाएं आहत हो रही हैं और सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।
उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति या समाज के मान-सम्मान को ठेस पहुंचाना मानसिक पीड़ा देने के समान है। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई कि यदि इस मामले में कानून का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सोहनवीर कश्यप ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर बेटियों और छात्रों के साथ प्रशासन द्वारा कथित रूप से किए गए व्यवहार की भी निंदा की।
कार्यक्रम के दौरान अनिल कश्यप, आरिफ अंसारी, गयासुद्दीन खान, सोनू कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।