मुरादाबाद। प्रेस क्लब ऑफ मुरादाबाद (रजि.) के मुख्य कार्यालय, प्रेस क्लब भवन में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 20वां ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्लब के पदाधिकारियों, वरिष्ठ पत्रकारों और सदस्यों ने भाग लिया। क्लब के उपाध्यक्ष शिशिर कुमार गुप्ता ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद सभी ने सावधान की मुद्रा में राष्ट्रगान गाया और भारत माता की जय तथा वंदे मातरम् के जयघोष किए।
ध्वजारोहण के बाद सभागार में गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता क्लब के उपाध्यक्ष शिशिर कुमार गुप्ता ने की। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना से हुई।
क्लब के मीडिया प्रभारी हाजी अहसान अब्बासी ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देशभक्ति से जुड़े शेर और कविता प्रस्तुत की। वरिष्ठ पत्रकार शकील सरवर हाशमी ने देश की आजादी के लिए किए गए संघर्ष और बलिदानों को याद किया।
क्लब सदस्य अश्वनी कुमार माथुर ने भी शुभकामनाएं देते हुए शेर प्रस्तुत किए। मुकेशानंद जी ने पत्रकारों के बीच एकता और आपसी सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। सामाजिक सचिव योगेश कुमार ने स्वतंत्रता प्राप्ति के संघर्ष को याद करते हुए आजादी को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी की बात कही। प्रचार सचिव श्रीपाल राणा ने भी अपने विचार रखे।
![]() |
| मुरादाबाद प्रेस क्लब के स्वतंत्रता दिवस समारोह में महापौर विनोद अग्रवाल एवं अतिथियों का सम्मान। |
उत्तराखंड एवं उत्तर प्रदेश के जाने-माने कवि राजीव प्रखर ने देशभक्ति से ओतप्रोत कविता सुनाकर माहौल को भावपूर्ण बना दिया।
गोष्ठी के बाद निर्धारित समय पर मुरादाबाद के महापौर विनोद अग्रवाल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। विशिष्ट अतिथि मनोज गुप्ता एडवोकेट, पूर्व महानगर अध्यक्ष भाजपा मुरादाबाद, तथा शारदा केयर हेल्थ सिटी ग्रेटर नोएडा के सीनियर कैंसर सर्जन डा. अनिंद्य मुखर्जी की मौजूदगी में दीप प्रज्ज्वलित कर स्वतंत्रता दिवस समारोह एवं सम्मान कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
समारोह से पहले क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों तथा क्लब के उपाध्यक्ष का बैज लगाकर एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया।
शारदा केयर हेल्थ सिटी ग्रेटर नोएडा की ओर से सीनियर कैंसर सर्जन डा. अनिंद्य मुखर्जी और डायरेक्टर सेल्स गौरव पांडे ने वरिष्ठ पत्रकार सतीश अग्रवाल एवं शकील सरवर हाशमी को मुख्य अतिथि महापौर विनोद अग्रवाल और विशिष्ट अतिथि मनोज गुप्ता के माध्यम से सम्मान पत्र देकर सम्मानित कराया।
इस अवसर पर महापौर विनोद अग्रवाल और विशिष्ट अतिथि मनोज गुप्ता को भी शारदा केयर हेल्थ सिटी की ओर से सम्मानित किया गया।
कवि एवं रिटायर्ड कैप्टन नरेन्द्र सिद्धू को भी क्लब तथा शारदा केयर हेल्थ सिटी की ओर से सम्मानित किया गया। वहीं क्लब के सह सचिव आरएस राज को क्लब के सुचारु संचालन के लिए महापौर विनोद अग्रवाल के हाथों सम्मानित कराया गया।
प्रेस क्लब ऑफ मुरादाबाद की ओर से महापौर विनोद अग्रवाल को स्मृति चिन्ह भेंट कर पटका पहनाया गया। समारोह में सम्मानित सभी अतिथियों को भी पटका पहनाकर एवं माला अर्पण कर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि महापौर विनोद अग्रवाल ने मुरादाबाद के विकास और शहर को सुंदर बनाने के अपने प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनका लंबे समय से प्रयास है कि मुरादाबाद महानगर को और बेहतर एवं सुंदर बनाया जाए।
महापौर ने युवाओं को सोशल मीडिया के माध्यम से फैलने वाली भ्रामक जानकारी से सावधान रहने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी बहुत कम उम्र में इंटरनेट और सोशल मीडिया के जरिए बड़ी मात्रा में जानकारी प्राप्त कर रही है, इसलिए युवाओं को गुमराह होने से बचना चाहिए।
इसी दौरान महापौर विनोद अग्रवाल ने दिवंगत पत्रकार श्रीमती उषा अग्रवाल के सम्मान में बड़ा ऐलान किया। उन्होंने बताया कि सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों की ओर से उन्हें लिखित अनुरोध मिला है कि अवंतिका कॉलोनी में, जहां स्वर्गीय उषा अग्रवाल निवास करती थीं, वहां के मार्ग का नाम उनके नाम पर रखा जाए।
महापौर ने घोषणा की कि मांग के अनुसार मार्ग का नाम ‘पत्रकार उषा अग्रवाल मार्ग’ किया जाएगा। घोषणा का सभागार में मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
समारोह में महापौर विनोद अग्रवाल ने रिटायर्ड कैप्टन नरेन्द्र सिद्धू की पुस्तक ‘शौर्य गाथा’ का विमोचन भी किया। पुस्तक में देश के वीर जवानों और उनके शौर्य से जुड़े इतिहास का उल्लेख किया गया है।
विशिष्ट अतिथि मनोज गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि देशवासियों को शहीदों के बलिदान से मिली स्वतंत्रता को संजोकर रखना चाहिए। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने और देश की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
शारदा केयर हेल्थ सिटी ग्रेटर नोएडा के सीनियर कैंसर सर्जन डा. अनिंद्य मुखर्जी ने ‘कैंसर रोग के बारे में भ्रम एवं गलत धारणाएं’ विषय पर लोगों को जागरूक किया।
उन्होंने कैंसर की समय रहते पहचान और उपचार के महत्व पर जोर दिया। डा. मुखर्जी ने कहा कि कैंसर की जांच के लिए की जाने वाली बायोप्सी को लेकर लोगों में कई तरह की गलत धारणाएं हैं। उन्होंने कहा कि बायोप्सी से डरने की आवश्यकता नहीं है और समय पर बीमारी की पहचान एवं उपचार बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि शारदा केयर हेल्थ सिटी में कैंसर के उपचार के लिए आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं।
शारदा केयर हेल्थ सिटी के डायरेक्टर सेल्स गौरव पांडे ने अस्पताल की सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि ग्रेटर नोएडा स्थित अस्पताल मुरादाबाद से लगभग ढाई घंटे की दूरी पर है। उन्होंने गंभीर मरीजों के लिए अस्पताल में भर्ती हेतु निशुल्क एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध होने की जानकारी दी। उनके अनुसार अस्पताल में 600 बेड की सुविधा है और आधुनिक चिकित्सा तकनीक एवं सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं उपलब्ध हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे क्लब के उपाध्यक्ष शिशिर कुमार गुप्ता ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पत्रकार उषा अग्रवाल के नाम पर मार्ग किए जाने की घोषणा के लिए महापौर विनोद अग्रवाल का विशेष धन्यवाद किया।
समारोह का सफल संचालन क्लब के सह सचिव आरएस राज ने किया।
कार्यक्रम में राकेश, राम सिंह पाल, सहादत अली, आमिर अली, सिकन्दर रजा, कुशल पाल, दयानंद शर्मा, नासिर खान, यूसुफ, मनोज कुमार, विजय, शिव ओम पाल, सजल जैन, फरहतउल्ला, नौशाद अली अंसारी, समी कलाल, मोहसिन अहमद खां, कासिम खां, उबैद आलम, मौ. बिलाल, गुलाम नबी आजाद, डा. शाहनवाज आलम, याकूब हसन, नितिन सहगल, तुलाराम ठाकुर, मौ. यूनुस, बब्लू कुमार सक्सेना, मुस्कान वर्मा, ओमपाल, मौ. शफीक, सुनील कपूर सहित प्रेस क्लब के अनेक सदस्य मौजूद रहे और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
सूचना विभाग की ओर से प्रमोद कुमार भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
मुरादाबाद न्यूज़, Moradabad News, Press Club Moradabad, स्वतंत्रता दिवस, Vinod Agrawal, पत्रकार उषा अग्रवाल, उषा अग्रवाल मार्ग, Moradabad Mayor, Shishir Kumar Gupta, Shourya Gatha, Rajiv Prakhar, India 24 TV News