लाखामंडल। शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लाखामंडल के सेरा मिनी स्टेडियम में विकासखंड चकराता की ब्लॉक स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। दो दिनों तक चले इस खेल महाकुंभ में चकराता ब्लॉक के विभिन्न स्कूलों से कक्षा 1 से 8वीं तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता के दौरान नन्हे-मुन्ने खिलाड़ियों में गजब का उत्साह और जोश देखने को मिला। बच्चों ने कबड्डी, खो-खो, दौड़, लंबी कूद सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। मैदान पर बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम में क्षेत्र की शिक्षित और सामाजिक रूप से सक्रिय हस्तियों की मौजूदगी ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया। शिक्षिका नैंनसी शर्मा, ग्राम लाखामंडल, कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को जीवन में महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान बीना भट्ट ने भी बच्चों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का संदेश दिया। वहीं प्रीतम मेमोरियल स्कूल की प्रधानाचार्या सरिता पवार की मौजूदगी ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। उन्होंने बच्चों के प्रति स्नेह और अनुशासन के साथ शिक्षा एवं खेल दोनों क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
तीनों अतिथियों ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजेता बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में बचना शर्मा, लाखामंडल, भाजपा प्रदेश किसान मोर्चा की विशेष आमंत्रित कार्यसमिति सदस्य, देहरादून, उत्तराखंड को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था। हालांकि क्षेत्र से जुड़े कार्य के चलते उन्हें केंद्र सरकार से मिलने के लिए जाना पड़ा।
उन्होंने फोन के माध्यम से चकराता ब्लॉक के सभी स्कूलों के बच्चों को प्रतियोगिता के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल में सफलता का महत्व केवल जीत में नहीं, बल्कि संघर्ष और निरंतर प्रयास में भी है।
दो दिवसीय प्रतियोगिता में चकराता ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी सक्रिय सहयोग किया। सभी ने पूरे अनुशासन और सहयोग के साथ आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिवानी कौशल, उप शिक्षा अधिकारी चकराता, ब्लॉक खेल समन्वयक सार सिंह चौहान, सह समन्वयक रमेश चन्द्र शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष प्रा. शि. संघ संगीता चौहान और ब्लॉक अध्यक्ष उ. प्रा. शि. संघ मोहन लाल शर्मा का विशेष योगदान रहा।
आयोजकों की मेहनत और शिक्षकों के सहयोग से लाखामंडल के सेरा मिनी स्टेडियम में आयोजित यह ब्लॉक स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता उत्साह और अनुशासन के साथ संपन्न हुई।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। अभिभावकों ने भी आयोजन की सराहना की। उनका कहना था कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं से पहाड़ी क्षेत्रों के बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का बेहतर मंच मिलता है।
लाखामंडल में आयोजित इस दो दिवसीय खेल महाकुंभ ने यह संदेश दिया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में पढ़ाई के साथ-साथ खेलों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
रिपोर्ट: भगवत मेहरा