देहरादून। उत्तराखंड की यमुना घाटी के लाखामंडल क्षेत्र के लिए बर्नीगाड़ डिग्री कॉलेज का उद्घाटन महत्वपूर्ण अवसर रहा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लाखामंडल के सेरा ग्राउंड मिनी स्टेडियम में बने हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से पहुंचे। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और महिला मंगल दलों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया।
सेरा ग्राउंड में मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत
मुख्यमंत्री के आगमन पर प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा कार्यसमिति की विशेष आमंत्रित सदस्य बचना शर्मा, सरिता पवार चौहान, अल्पना पवार, 24 गांव बौन्दुर खत की महिला मंगल दल की सदस्यों, पूर्व युवा मोर्चा मीडिया प्रभारी ओमप्रकाश, घनश्याम सहित यमुना घाटी की महिलाओं और स्थानीय लोगों ने स्वागत किया।
क्षेत्र के विद्यार्थियों को मिलेगी उच्च शिक्षा की सुविधा
भाजपा नेत्री बचना शर्मा ने कहा कि लाखामंडल से लगभग पांच किलोमीटर की दूरी पर डिग्री कॉलेज का उद्घाटन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि पहले उच्च शिक्षा के लिए विद्यार्थियों को देहरादून और विकासनगर जैसे शहरों की ओर जाना पड़ता था। दूरी और अन्य कठिनाइयों के कारण कुछ छात्राओं को इंटरमीडिएट के बाद अपनी पढ़ाई छोड़नी पड़ती थी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि महाविद्यालय शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
विधायक दुर्गेश लाल के प्रयासों की सराहना
बचना शर्मा ने महाविद्यालय की स्थापना को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्र और राज्य सरकार, पुरोला विधायक दुर्गेश लाल तथा राज्य मंत्री जगत सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने विधायक दुर्गेश लाल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे यमुना घाटी में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को विधानसभा से लेकर मुख्यमंत्री तक उठाते रहे हैं।
छात्राओं की शिक्षा को मिलेगा प्रोत्साहन
बचना शर्मा ने कहा कि महाविद्यालय से क्षेत्र की बेटियों को शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे और उच्च शिक्षा तक उनकी पहुंच आसान हो सकेगी। स्थानीय स्तर पर कॉलेज की सुविधा उपलब्ध होने से विद्यार्थियों और उनके परिवारों को दूसरे शहरों में जाने की परेशानी भी कम होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के अवसर पर लाखामंडल, चकराता और बौन्दुर खत सहित यमुना घाटी के क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री, विधायक और बचना शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट: भगवत मेहरा


