हरिद्वार के तेलपुरा और गांजा माजरा क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही से किसानों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों के झुंड लगातार खेतों में पहुंच रहे हैं और खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। कई बीघा फसल रौंदे जाने की बात ग्रामीणों की ओर से सामने आई है।
बताया जा रहा है कि गन्ने के साथ-साथ पेड़ों और अन्य फसलों को भी हाथियों ने नुकसान पहुंचाया है। फसल तैयार करने में किसानों को काफी मेहनत और खर्च करना पड़ता है। ऐसे में खेतों में हाथियों के पहुंचने से किसानों को आर्थिक नुकसान की चिंता सता रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि तेलपुरा और गांजा माजरा क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही लगातार बनी हुई है। इसके चलते खेतों में काम करने वाले किसानों और ग्रामीणों में भी डर का माहौल है। किसानों ने वन विभाग से संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने और हाथियों की आवाजाही को रोकने के लिए प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने यह भी मांग की है कि जिन किसानों की फसलें हाथियों के कारण प्रभावित हुई हैं, उनका सर्वे कराया जाए और नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। किसानों का कहना है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में फसलों को और नुकसान हो सकता है।
मामले को लेकर ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से जल्द संज्ञान लेने तथा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
रिपोर्ट: वसीम