देहरादून/लाखामंडल। चकराता विधानसभा क्षेत्र के लाखामंडल स्थित राजकीय आश्रम पद्धति स्कूल के उच्चीकरण, छात्रावास की व्यवस्था और शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग को लेकर भाजपा प्रदेश किसान मोर्चा की विशेष आमंत्रित कार्यसमिति सदस्य बचना शर्मा ने उत्तराखंड अनुसूचित जनजाति आयोग की अध्यक्ष श्रीमती लीलावती राणा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने स्कूल की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा और जल्द समाधान की मांग उठाई।
बचना शर्मा ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि लाखामंडल स्थित राजकीय आश्रम पद्धति स्कूल का उच्चीकरण किया जाना बेहद जरूरी है। उनके अनुसार, स्कूल में प्रतिवर्ष बालिकाओं की संख्या बढ़ रही है, लेकिन छात्रावास की पर्याप्त व्यवस्था नहीं हो पा रही है। इसके साथ ही शिक्षकों की कमी भी बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि कई विषयों में शिक्षक उपलब्ध नहीं होने के कारण छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इससे उनके शैक्षणिक भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से स्कूल में शिक्षकों की नियुक्ति और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
बचना शर्मा ने आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक ने स्कूल के उच्चीकरण के मामले में अपेक्षित रुचि नहीं दिखाई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की बालिकाओं को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए स्कूल का उच्चीकरण और बुनियादी व्यवस्थाओं में सुधार आवश्यक है।
उन्होंने आयोग की अध्यक्ष से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आग्रह किया।
ज्ञापन सौंपे जाने के दौरान आयोग की अध्यक्ष श्रीमती लीलावती राणा ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के आदेश दिए। अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि स्कूल में शिक्षकों की कमी, छात्रावास की व्यवस्था और उच्चीकरण से जुड़ी समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर पूर्व युवा मोर्चा मीडिया प्रभारी श्री ओमप्रकाश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट: भगवत मेहरा