ईवीएम और वीवीपैट से वोट डालने का तरीका समझाकर मतदाताओं को किया जा रहा जागरूक
ज्वालापुर (हरिद्वार)। आगामी चुनावों को लेकर मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से विधानसभा ज्वालापुर के विभिन्न क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत लोगों को घर-घर जाकर ईवीएम (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) के माध्यम से मतदान करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। इसका उद्देश्य मतदाताओं के बीच मतदान प्रक्रिया को लेकर जागरूकता बढ़ाना और उन्हें बिना किसी भ्रम या परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करना है।
जागरूकता अभियान के दौरान मतदाताओं को बताया जा रहा है कि मतदान केंद्र पर पहुंचने के बाद मतदान अधिकारी द्वारा बैलेट यूनिट को मतदान के लिए तैयार किया जाता है। इसके बाद मतदाता अपनी पसंद के प्रत्याशी के नाम और चुनाव चिह्न के सामने लगे नीले बटन को दबाकर अपना वोट डाल सकता है।
अभियान के दौरान लोगों को वीवीपैट मशीन की उपयोगिता के बारे में भी विस्तार से समझाया जा रहा है। मतदाताओं को बताया जा रहा है कि ईवीएम पर बटन दबाने के बाद वीवीपैट मशीन की स्क्रीन पर एक पर्ची लगभग सात सेकंड तक दिखाई देती है। इस पर्ची पर मतदाता द्वारा चुने गए प्रत्याशी का नाम और चुनाव चिह्न प्रदर्शित होता है।
इससे मतदाता अपने वोट की पुष्टि कर सकता है कि उसने जिस प्रत्याशी को वोट दिया है, वीवीपैट पर्ची पर उसी का नाम और चुनाव चिह्न दिखाई दे रहा है। निर्धारित समय के बाद यह पर्ची स्वतः वीवीपैट बॉक्स में सुरक्षित गिर जाती है और मतदाता को नहीं दी जाती।
मतदाताओं को यह भी जानकारी दी जा रही है कि मतदान के दौरान यदि ईवीएम का बटन दबाने के बाद बीप की आवाज सुनाई नहीं देती या मशीन में अपेक्षित संकेत दिखाई नहीं देता है, तो वे स्वयं मशीन के साथ छेड़छाड़ करने के बजाय तत्काल मतदान केंद्र पर मौजूद पीठासीन अधिकारी से संपर्क करें।
अधिकारियों के माध्यम से मतदाताओं की शंकाओं का समाधान करने और मतदान प्रक्रिया को लेकर उनका विश्वास बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
विधानसभा ज्वालापुर में चलाए जा रहे इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक क्षेत्र के मतदाताओं तक मतदान से जुड़ी जरूरी जानकारी पहुंचाना है। अभियान के माध्यम से लोगों को समझाया जा रहा है कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।
लोगों से अपील की जा रही है कि वे मतदान प्रक्रिया की पूरी जानकारी प्राप्त करें, अपने मताधिकार के महत्व को समझें और आगामी चुनावों में जिम्मेदारी के साथ मतदान करें। जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की नींव हैं।
रिपोर्ट: वसीम