देवबंद के चर्चित शिवम हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना देवबंद पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान हत्या के मुकदमे में वांछित दो आरोपियों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के बाद आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे (.315 बोर), चार जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब पिछले दो दिनों से शिवम हत्याकांड को लेकर देवबंद में लोगों का भारी विरोध प्रदर्शन और हंगामा देखने को मिला था। मौके पर पहुंचे एसएसपी अभिनंदन सिंह ने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया था। अब इस मुठभेड़ और गिरफ्तारी को उसी कार्रवाई का अहम परिणाम माना जा रहा है।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए और पूरे ऑपरेशन की निगरानी की। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित सहयोगियों की जानकारी मिल सके।
पुलिस का आधिकारिक बयान है कि हत्या के मुकदमे में वांछित दोनों अभियुक्तों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया और बरामद हथियारों व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट: अंकित जैन