सरसावा (सहारनपुर)। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर चल रहे 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महा अभियान के अंतर्गत सरसावा क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
ब्रह्माकुमारी ज्योति दीदी जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जनता इंटर कॉलेज सरसावा, डीएवी हाई स्कूल सरसावा, शुगर फैक्ट्री हाई स्कूल सरसावा और लॉर्ड कृष्णा एकेडमी सरसावा में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को नशे से दूर रहने की प्रतिज्ञा दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशा मुक्त भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
बीके ज्योति दीदी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को नशे से बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
अभियान को सफल बनाने में सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं का सहयोग रहा। कार्यक्रम में बीके राजकुमारी, भरता नरेंद्र, भरता ओम प्रकाश, भरता अरुण शर्मा सहित अन्य भाइयों का भी सहयोग प्राप्त हुआ।
शिक्षण संस्थानों में आयोजित इन जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सुरक्षित और जिम्मेदार समाज के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया।