बिहारीगढ़ की ओर से बुग्गावाला जा रहा था बाइक सवार अमित, पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली से हुई टक्कर
तेलपुरा, हरिद्वार। तेलपुरा कॉलोनी में एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब बिहारीगढ़ की ओर से बुग्गावाला जा रहा युवक आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गया। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमित पुत्र चेतराम, निवासी ग्राम शहीद वाला ग्रांट, बिहारीगढ़ की ओर से बाइक पर सवार होकर बुग्गावाला की तरफ जा रहा था। इसी दौरान तेलपुरा कॉलोनी में उसकी बाइक आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से टकरा गई। टक्कर लगने से बाइक सवार अमित घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बुग्गावाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, दुर्घटना के सटीक कारणों और घायल युवक की वर्तमान स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
रिपोर्ट: वसीम