लाखामंडल, उत्तराखंड | 15 अगस्त 2026: देवभूमि लाखामंडल में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों, सरकारी संस्थानों और ग्रामीणों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर से बाजार तक निकाली गई भव्य प्रभात फेरी से हुई। क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर प्रभात फेरी में शामिल हुए।
इस दौरान पूरे क्षेत्र में भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से वातावरण देशभक्ति से सराबोर नजर आया।
लाखामंडल के GIC इंटर कॉलेज, आश्रम पद्धति बालिका विद्यालय, अवनी पब्लिक स्कूल, प्रीतम मेमोरियल विद्या मंदिर, सरस्वती शिशु मंदिर, प्राथमिक विद्यालय और अन्य शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण के बाद विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
बच्चों ने देशभक्ति गीत, भाषण, नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम और देशभक्ति से जुड़े संदेश भी दिए।
इसके अलावा आंगनवाड़ी केंद्र, पुलिस चौकी, पटवारी चौकी, आयुर्वेदिक हॉस्पिटल, रोशनी गैस एजेंसी और ITI लाखामंडल सहित क्षेत्र के विभिन्न संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस मनाया गया।
कार्यक्रम के दौरान देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस मौके पर आयुर्वेदिक हॉस्पिटल लाखामंडल के स्टाफ, ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान लाखामंडल भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्य समिति की विशेष आमंत्रित सदस्य बचना शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'हर घर तिरंगा' अभियान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में प्रदेश में देशभक्ति की भावना को और मजबूती मिली है।
उन्होंने सभी देशवासियों और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस एवं रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में क्षेत्रवासी, ग्रामवासी, विभिन्न स्कूलों के शिक्षक, विभागीय अधिकारी और कर्मचारी सहित बचना शर्मा, शांति प्रसाद चौहान, ग्राम प्रधान बिना भट्ट, संजय भट्ट, केशव शर्मा, राजेंद्र शर्मा, दीवान सिंह, ओमप्रकाश, डब्लू आर्य, घनश्याम, पीरू आर्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
देवभूमि लाखामंडल में 15 अगस्त 2026 का यह आयोजन देशभक्ति, एकता और सामाजिक सहभागिता का संदेश देते हुए संपन्न हुआ।
रिपोर्ट: भगवत मेहरा