हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद के बुग्गावाला थाना क्षेत्र के गोमतीपुरा गांव में सोमवार सुबह एक युवक का शव पानी की टंकी पर लटका मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई। युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान गोमतीपुरा गांव निवासी गुरबचन पुत्र सेलम चंद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरबचन अपनी बहनों का इकलौता भाई था। उसकी अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
👇👇 घटना का वीडियो 👇👇
घटना की सूचना मिलने पर बुग्गावाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल युवक की मौत के पीछे की परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हो पाई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है।
रिपोर्ट: वसीम